[ad_1]
ऐप पर पढ़ें
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (पीसीएस) 2022 का अंतिम परिणाम शुक्रवार शाम घोषित कर दिया। कुल 30 प्रकार के 383 पदों के सापेक्ष 364 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से सफलता मिली है। योग्य अभ्यर्थी न मिलने से 19 पद खाली रह गए। राज्य संपत्ति विभाग में व्यवस्थाधिकारी के एक, व्यवस्थापक के 16 और खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड में रसायनज्ञ के दो पदों के लिए कोई योग्य अभ्यर्थी नहीं मिल सका।
इस बार बेटियों ने अपनी मेधा का परचम लहराया है। टॉप टेन मेधावियों की सूची में आठ बेटियां शामिल हैं। प्रथम चार स्थान पर बेटियों का ही चयन हुआ है। 364 चयनित अभ्यर्थियों में 110 बेटियां हैं। खास बात यह कि आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा के मात्र दस महीने के अंदर अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में आगरा की दिव्या सिकरवार ने टॉप किया है। लखनऊ की प्रतीक्षा पांडेय दूसरे जबकि बुलंदशहर की नम्रता सिंह तीसरे स्थान पर हैं वहीं चौथे स्थान पर उत्तराखंड की आकांक्षा गुप्ता हैं। पांचवा स्थान अंबेडकरनगर के कुमार गौरव को मिला है। लखनऊ की सल्तन परवीन छठवें, मध्य प्रदेश की मोहसीना बानो सातवें, प्रयागराज की प्रजक्ता त्रिपाठी आठवें, आगरा की एश्वर्य दूबे नौवें तो गोंडा के संदीप कुमार तिवारी 10वें स्थान पर हैं।
UPPSC पीसीएस 2022 फाइनल रिजल्ट में 364 अभ्यर्थी सफल, देखिए डायरेक्ट लिंक
आयोग के प्रभारी सचिव विनोद कुमार गौड़ ने बताया कि नौ फरवरी 2023 को मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी किया गया था। 20 फरवरी से 21 मार्च तक आयोजित साक्षात्कार में मुख्य परीक्षा में सफल 1071 में से 1048 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रभारी सचिव ने साफ किया है कि 53 अभ्यर्थियों का चयन कतिपय अभिलेखों के अभाव में औपबंधिक रूप से किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों की संस्तुतियां शीघ्र शासन को भेज दी जाएंगी, जिसके बाद प्राप्तांक एवं पदवार/श्रेणीवार कटऑफ अंक भी आयोग की वेबसाइट पर जारी होंगे। 30 प्रकार के पदों में तीन प्रकार के कुल दस पदों का चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया गया। शेष 27 प्रकार के पदों पर लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के आधार पर चयन किया गया।
पीसीएस 2022 एक नजर में:
पदों की संख्या: 383 (19 पद रिक्त)
प्रारंभिक परीक्षा: 12 जून 2022
कुल आवेदक : 6,02,974
परीक्षा में शामिल हुए : 3,29,310
प्री का परिणाम : 27 जुलाई 2022
मुख्य परीक्षा के लिए सफल : 5964
मुख्य परीक्षा : 27 सितंबर से एक अक्तूबर 2022
मुख्य परीक्षा का परिणाम : 09 फरवरी 2023
साक्षात्कार: 22 फरवरी से 21 मार्च 2023
अंतिम परिणाम: 07 अप्रैल 2023
[ad_2]